दिलदारनगर (गाजीपुर) । दिलदारनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 स्थित इंदिरा नगर की चूड़ी गली में गुरुवार दोपहर एक भीषण आग ने दिल दहला देने वाली त्रासदी को जन्म दिया। आग की चपेट में आकर 35 वर्षीय फार्मासिस्ट अंकित मिश्रा की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12:30 बजे मकान के पीछे बने टीनशेड के अहाते में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आसपास अफरा-तफरी मच गई।
आग लगते ही स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और समरसेबल पंप के जरिए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

गोदाम के बाथरूम में फंसे रह गए अंकित

हादसे के समय अंकित मिश्रा अपने मेडिकल स्टोर के अंदर बने गोदाम के बाथरूम में थे। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि उन्हें बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और वह अंदर ही फंस गए। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घर में खुशी की तैयारी, मातम में बदली

मृतक अंकित मिश्रा मूल रूप से आरंगी गांव के निवासी थे और दिलदारनगर में किराए के मकान में मेडिकल स्टोर चलाते थे। परिवार में पत्नी रूपा मिश्रा और दो बेटे—अंश (13) और आदित्य (5)—हैं। परिजनों के अनुसार, घर में छोटे बेटे के मुंडन की तैयारी चल रही थी, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

By i.news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *